
आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया ने कई लोगों को रातों-रात स्टार बना दिया है। इस चमक-दमक के पीछे का अकेलापन और मानसिक दबाव अक्सर नजर नहीं आता। फेमस यूट्यूबर अनुराग डोभाल, जिन्हें उनके फैंस बाबू भैया के नाम से पहचानते हैं इनके जीवन में पिछले दिनों जो कुछ भी हुआ इससे बहुत कुछ सीखा जा सकता है।
करीब 15 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स वाला सोशल मीडिया परिवार होने के बावजूद अनुराग इतने अकेले हो गए कि उन्होंने आत्महत्या की कोशिश कर ली।
“सब हासिल करने के बाद भी खुशी नहीं मिलती”
इस घटना को आप बेहतर ढंग से समझ सकें इसलिए मुझे अभिनेता ऋतिक रोशन का एक बयान याद आता है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि उन्हें लगता था कि जब वह सब कुछ हासिल कर लेंगे तो खुशी मिल जाएगी। लेकिन सफलता और प्रसिद्धि पाने के बाद भी उन्हें महसूस हुआ कि असली खुशी बाहर नहीं बल्कि हमारे अंदर होती है।
सोशल मीडिया की दुनिया में भी यही सच्चाई कई बार सामने आती है।
सोशल मीडिया की चमक और दबाव
तकनीक के इस दौर में फेम हासिल करना पहले से कहीं आसान हो गया है, लेकिन उसे बनाए रखना उतना ही कठिन। रियलिटी शो और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रातों-रात किसी को भी स्टार बना सकते हैं।
इंटरनेट पर कई वायरल ट्रेंड इसकी मिसाल हैं। जैसे कुछ समय पहले वायरल हुआ गाना काचा बदमा धूम नाम के व्यक्ति का वायरल गीत “दिल ना लिया”।
अनुराग डोभाल बाइक राइडर और मोटर व्लॉगर के रूप में मशहूर हैं। उनके बाइक और कार कलेक्शन अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे हैं। लेकिन ऐसे कंटेंट क्रिएटर्स के सामने सबसे बड़ी चुनौती होती है हर दिन नया और अलग कंटेंट तैयार करना।
बिग बॉस के बाद बदली छवि
जब अनुराग रियलिटी शो बिग बॉस में शामिल हुए तो उनकी छवि पर कुछ असर पड़ा। शो से बाहर आने के बाद उन्होंने शादी कर ली। शादी के साथ नई जिम्मेदारियां भी आती हैं और जिंदगी में कई बदलाव भी। इसी दौरान उन्होंने लगभग 7 महीने तक यूट्यूब से दूरी बना ली। उनके फैंस लगातार उन्हें खोजते रहे।

2 घंटे का वीडियो और चौंकाने वाले खुलासे
काफी समय बाद अनुराग ने एक दो घंटे से ज्यादा लंबा वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कई बातें साझा कीं। वीडियो में उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता के साथ विवाद, भाई के साथ बिगड़ते रिश्ते और पत्नी के साथ तनाव ने उन्हें मानसिक रूप से काफी प्रभावित किया।
इंस्टाग्राम लाइव और “फाइनल ड्राइव”
7 मार्च, शनिवार की शाम करीब 7 बजे, अनुराग उत्तर प्रदेश के मेरठ हाईवे पर कार चलाते हुए इंस्टाग्राम लाइव पर आए। इस दौरान उन्होंने भावुक होकर कहा —
“लेट्स गो फॉर द फाइनल ड्राइव।”
लाइव के दौरान उन्होंने अपनी मां का जिक्र करते हुए कहा कि अगर वह अगली बार आएं तो बस उन्हें प्यार दिया जाए।
इसके बाद उन्होंने अपनी कार लगभग 150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाई और डिवाइडर पर चढ़ा दी। टक्कर के तुरंत बाद इंस्टाग्राम लाइव बंद हो गया।
अस्पताल में भर्ती, खतरे से बाहर
ताजा जानकारी के अनुसार अनुराग अब खतरे से बाहर हैं और दिल्ली के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि उनसे मिलने सिर्फ उनकी पत्नी अस्पताल पहुंचीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य उनसे दूरी बनाए हुए हैं।
सोशल मीडिया की दुनिया का दूसरा सच
अनुराग जैसे कंटेंट क्रिएटर्स की जिंदगी का बड़ा हिस्सा सोशल मीडिया पर ही बीतता है। जिस मोबाइल स्क्रीन ने उन्हें प्रसिद्धि और पहचान दी, वही स्क्रीन कभी-कभी उनके लिए सबसे बड़ा मानसिक दबाव भी बन जाती है।
ट्रोलिंग और कठोर टिप्पणियां किसी के लिए भी मानसिक रूप से भारी हो सकती हैं।
उम्मीद है जल्द स्वस्थ होंगे
उम्मीद है कि अनुराग जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से बाहर आएंगे और शारीरिक के साथ-साथ मानसिक रूप से भी मजबूत होकर नई शुरुआत करेंगे।
आखिरकार इस दुनिया में कोई भी स्थिति हमेशा के लिए नहीं रहती।

Leave a Reply