
केस वन -सिया गोयल की सगाई हो गई थी , वह केतन के साथ नहीं चेतन से शादी करना चाहती थी इसलिए केतन की हत्या कर दी। केस – टू सोनम रघुवंशी की शादी हो गई थी, हनीमून पर भी गई लेकिन वह राजा रघुवंशी के साथ नहीं राज कुशवाहा के साथ रहना चाहती थी इसलिए पति की हत्या कर दी। केस थ्री– मुस्कान रस्तोगी की शादी को 9 साल हो गये थे, एक बच्ची थी शादी के इतने साल बाद वह पति सौरभ राजपूत के साथ नहीं प्रेमी साहिल के साथ रहना चाहती थी इसलिए पति को काटकर नीले ड्रम में डाल दिया और प्रेमी के साथ घूमने चली गई।
कहीं सिर्फ सगाई तो कहीं शादी के बाद हनीमून तो कहीं शादी के 9 साल तक का सफर
सगाई से लेकर शादी तक इन रिश्तों ने ना जाने कितना सफर साथ तय किया होगा, कभी – कभी सोचता हूं कि ऐसे रिश्ते जिसे आप खत्म कर देना चाहते हैं, इस हद तक खत्म करना चाहते हैं कि आप सामने वाले की जान लेने से पहले भी ना सोचें तो आप उस रिश्ते के साथ एक कदम भी चलते कैसे हैं? जिसे आप जान से मार देना चाहते हैं उसे गले लगाना, उसकी बालों में हाथ फेरना और यह दिखावा करना कि आप उससे प्रेम करते हैं क्या आसान होता होगा। केतन और सिया के वायरल वीडियो ये दिखाते हैं कि केतन ने इस रिश्ते के लिए कितना कुछ किया। दोनों रील में खुश भी दिखते हैं क्या कोई यह देख कर अंदाजा भी लगा सकता है कि सिया के मन में क्या चल रहा है ठीक इसी तरह सोनम की शादी की वीडियो भी वायरल थी, सोनम उस वीडियो में दुखी तो नहीं लग रही थी। मुस्कान रस्तोगी और सौरभ राजपूत की एक बेटी थी। जब मुस्कान जेल गई थो वह डेढ़ महीने की गर्भवती थी कुछ महीनों पहले ही मुस्कान ने जेल में रहकर एक और बच्ची को जन्म दिया है जिसका नाम राधा रखा है उसकी बड़ी बेटी का नाम पीहू है वो अपने नाना नानी के साथ रह रही है हालांकि यह दूसरी बच्चा पति का है या प्रेमी का किसी को नहीं पता।
मजबूरी के रिश्ते का अंत मौत
कोई भी रिश्ता मजबूरी नहीं है अगर मजबूरी में कोई रिश्ता है, तो बेहतर है इस रिश्ते की मौत हो, इंसान की नहीं। वैसे रिश्ते जो आपको मजबूत नहीं मजबूर बनाये उनसे दूर होना बेहतर। अब सवाल है कि इन रिश्ते से दूर कैसे होना है। हमारे पास कई उदाहरण है, अगर यह रिश्ता पति और पत्नी का है और आप इसे सात जन्म का रिश्ता मानकर मत बैठिये। इस डर में भी उस रिश्ते के बोझ को लेकर मत चलिए कि समाज, आपका परिवार इस रिश्ते के टूटने पर क्या कहेगा। ऐसा कोई भी रिश्ता जो आपको तोड़ दे बेहतर है वो टूट जाए। आप किसी और की नहीं अपनी चिंता कीजिए। आप अकेले नहीं है जिसका रिश्ता खराब निकला ऐसे कई लोग हैं।
बॉलीवुड के रिश्ते
मुझे पहले लगता था बॉलीवुड की दुनिया कितनी गंदी और बद्दतर है, कैसे कोई आसानी से एक रिश्ते से निकलकर दूसरे रिश्ते में चला जाता है लेकिन हालिया हुई घटनाओं ने समझाया कि कैसे किसी खराब रिश्ते से सहजता के साथ निकल जाना इतना सहज नहीं होता। उदाहरण देखिए किशोर कुमार, कबीर बेदी ने 4 शादियां की, आमिर खान, संजय दत्त, करण सिंह ग्रोवर ने तीन – तीन शादियां की। आप सोचेंगे ऊपर बात महिलाओं की और उदाहरण पुरुषों को तो मुझे चार शादी करने वाली कोई महिला अभिनेत्री का नाम याद नहीं हां, दो शादी करने वाली अभिनेत्रियों में नीलम कोठारी जिनकी पहली शादी बिजनेसमैन मनु ऋषि सेठिया से और दूसरी एक्टर समीर सोनी से हुई , योगिता बाली की पहली शादी किशोर कुमार से और दूसरी मिथुन चक्रवर्ती से हुई, दीया मिर्जा की पहली शादी साहिल संघा से और दूसरी वैभव रेखी से हुई और किरण खेर की पहली शादी गौतम बेरी से और दूसरी अभिनेता अनुपम खेर से। इन लोगों में से किसी ने किसी का जान नहीं ली हां, रिश्ता तोड़कर कहीं और जोड़ लिया। मजबूरी में चलने वाले रिश्ते की मंजिल मौत ही है संभव है कि इसमें किसी इंसान की हत्या ना हो लेकिन ऐसे रिश्ते में आपकी खुशियों की मौत जरूर हो जाती है।
परंपरा, प्रतिष्ठा और मान सम्मान
सिया गोयल ने हत्या की वजह बताई की केतन विग लगाता था, हकलाता था इसलिए उसे पसंद नहीं था । सिया और केतन के पिता की लंबे समय से दोस्ती थी और यह दोस्ती रिश्तेदारी में बदल रही थी।सिया गोयल ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की हिम्मत की लेकिन उसमें इतनी हिम्मत नहीं थी कि वो अपने माता- पिता से कह पाती कि वह शादी नहीं करना चाहती सिया को डर था परिवार वाले नहीं मानेंगे, सिया को डर था कि उनके पिता की प्रतिष्ठा और मान सम्मान को ठेस पहुंचेगी। यही उदाहरण सिया के साथ- साथ सोनम और मुस्कान के लिए भी फिट बैठती है इनमें से किसी ने उस वक्त जिद कर ली होती तो इन सबके पुराने साथी की मौत और इनकी मंजिल जेल नहीं होती।
हत्या के पीछे की मानसिकता
अब सवाल है कि ऐसा क्यों है कि इनमें से किसी ने भी हिम्मत नहीं की और मर्डर उन्हें सबसे आसान लगा। केतन की मौत के बाद सिया ने इंस्टाग्राम पर एक उदास भरी पोस्ट लिखी जिसमें सिया ने लिखा, “तुम मुझे मेरे जन्मदिन पर छोड़कर चले गए। जब हम शादी के बेहद करीब थे, तब तुम मुझे छोड़कर चले गए। मुझे अब भी समझ नहीं आ रहा कि तुमने मेरे साथ ऐसा क्यों किया। मैंने सपने देखे थे, मेरे मन में कई सवाल हैं जिनके जवाब मुझे कभी नहीं मिलेंगे। जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी, तब तुमने मुझे क्यों छोड़ दिया? तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।” सिया जिस वक्त इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर रही होगी यह लाइन उसके लिए इस रिश्ते से बाहर निकलने की रणनीति का अंतिम हिस्सा होगी। आप सिया की जगह रह कर सोचिए कि एक रिश्ता जिसे आप पसंद नहीं करते आपने उसे खत्म कर दिया और किसी को आप पर शक नहीं है, उस रिश्ते से जुड़ा यह आखिरी पोस्ट आपके उस दावे को और मजबूत करेगा, जिसमें यह लगे कि इस मौत में आपने अपना सबकुछ खो दिया ।

Leave a Reply